श्रीडूंगरगढ़ टुडे 3 जून 2026
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में मंगलवार सुबह महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी फूलचंद को राउंडअप कर लिया है। पुलिस टीम ने करीब 15 घंटे की लगातार मेहनत के बाद आरोपी को लगभग 650 किलोमीटर दूर से दबोच लिया।
सीओ निकेत पारीक के सुपरविजन तथा थानाधिकारी कश्यप सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में एएसआई देवाराम, कांस्टेबल पुनीत कुमार और रविन्द्र कुमार शामिल रहे, जिन्होंने लगातार तकनीकी और फील्ड स्तर पर जांच करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले, विभिन्न मार्गों पर वाहनों की चेकिंग की तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पीछा कर उसे गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका पिछले करीब चार वर्षों से आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि शराब के नशे में हुए विवाद के बाद आरोपी द्वारा वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है।
गौरतलब है कि मृतका के नाबालिग पुत्र ने पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया था। इसके बाद से पुलिस लगातार अनुसंधान में जुटी हुई थी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।


