श्रीडूंगरगढ़ टुडे 5 जून 2026
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में गुरुवार रात्रि को हुई तेज बारिश जहाँ लोगो को गर्मी से राहत मिली वही तेज बारिश के बाद शहर में की जगह जल भराव की स्थिति देखने को मिली शुक्रवार सुबह हालत इतनी खराब हो गए कि मुख्य बाजार फैले कीचड़ ने आमजन की परेशानियां बढ़ा दी हैं। कई गलियों और मुख्य मार्गों पर कीचड़ जमा होने से राहगीरों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सबसे खराब स्थिति एसबीआई बैंक के पास सरकारी अस्पताल जाने वाली गली की है, जहां कीचड़ के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

दुकानों के आगे कीचड़ जमा होने से व्यापारियों को दुकानें खोलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं ग्राहकों को भी दुकानों तक पहुंचने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद रास्तों की हालत बदतर हो गई है और कई स्थानों पर वाहन फिसलने का खतरा बना हुआ है।
कस्बेवासियों के अनुसार पालिका प्रशासन की अनदेखी के चलते नाले कचरे और रेत से अटे पड़े हैं। कई स्थानों पर चैम्बर जाम होने से बारिश का पानी निकासी नहीं हो सका, जिससे सड़कों और गलियों में कीचड़ फैल गया। लोगों का कहना है कि समय पर सफाई और रखरखाव किया जाता तो यह स्थिति नहीं बनती।
सामाजिक कार्यकर्ता शूरवीर मोदी से मिली जानकारी के अनुसार देर रात्रि को हुई तेज बारिश के दौरान कई इलाकों में पानी भर गया और अधिकारियों ने फोन उठाने तक बंद कर दिए वही नगर पालिका की किसी तरह की तैयारी देखने को नहीं मिली और पूरा बाजार गंदगी से अटा पड़ा है। नगर पालिका द्वारा बनाए गए कंट्रोल रूम की आम लोगों को जानकारी ही नहीं मिली वहीं कुछ कर्मचारियों द्वारा फोन नहीं उठाने की भी शिकायतें सामने आई है।
श्रीडूंगरगढ़ के राजकीय उप जिला अस्पताल के डॉक्टर चैंबर में भी रात्रि को पानी घुस गया पूरा अस्पताल पानी पानी हो गया बारिश ने शहर के कई इलाकों में हालत बिगाड़ कर रख दिए।
नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख ने कस्बे की स्थिति को दयनीय बताते हुए कहा कि बारिश के मौसम को देखते हुए पालिका प्रशासन को पहले से तैयारियां करनी चाहिए थीं। उन्होंने कहा कि नालों की सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आमजन को परेशानी झेलनी पड़ रही है। पारख ने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने और प्रभावित क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाने की मांग की।








