श्रीडूंगरगढ़ टुडे 29 जून 2026
ग्रामीण सेवा शिविरों के दौरान प्रशासन जरूरतमंद लोगों तक घर-घर पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ दिला रहा है। सोमवार को रीडी गांव में आयोजित शिविर में 91 वर्षीय वृद्धा बादू देवी को दो साल बाद फिर से सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिला।

बादू देवी पत्नी जैसाराम मेघवाल की सामाजिक सुरक्षा पेंशन सत्यापन नहीं होने के कारण पिछले दो वर्षों से बंद थी। अधिक उम्र और अस्वस्थता के चलते उनके लिए कार्यालय पहुंचकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना संभव नहीं था। इससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
मामले की जानकारी मिलने पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के छात्रावास अधीक्षक स्वयं वृद्धा के घर पहुंचे। उन्होंने मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया और ई-केवाईसी सहित पेंशन सत्यापन की पूरी प्रक्रिया पूरी करवाई।
सत्यापन के तुरंत बाद वृद्धा की सामाजिक सुरक्षा पेंशन दोबारा शुरू कर दी गई। इससे उन्हें नियमित आर्थिक सहायता मिलने का रास्ता साफ हो गया।
पेंशन पुनः शुरू होने पर बादू देवी और उनके परिजनों ने विभाग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के जरिए प्रशासन जरूरतमंद लोगों के घर पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कर रहा है, जिससे बुजुर्गों और असहाय लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।





