श्रीडूंगरगढ़ टुडे 26 अक्टूबर 2026
क्षेत्र में मेलों और आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, जो आस्था का केंद्र होने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों के लिए भी मौका बन जाती है। ऐसा ही एक मामला श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के रीड़ी गांव से सामने आया है, जहां बस में चढ़ रही एक महिला के गले से शातिर चोरों ने सोने का हार चुरा लिया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, रीड़ी निवासी लाधुराम (पुत्र रावताराम जाट) ने बताया कि उसकी भाणजी गीता (पत्नी संतोष गोदारा, निवासी जैतासर) 24 अक्टूबर को रीड़ी स्थित वीर बिग्गा जी महाराज के मंदिर में दर्शन करने के लिए आई थीं। शाम करीब 4 बजे दर्शन करने के बाद वह वापस जैतासर जाने के लिए गांव के बस स्टैंड से बस में सवार हो रही थीं।
भीड़ का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम
जब महिला बस में चढ़ रही थीं, तब भारी भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात व्यक्ति पीछे से बस में चढ़ गया। आरोपी ने विवाहिता के गले में पहना हुआ सोने का तेरह फुलड़ों व मोतियों का हार तोड़कर चोरी कर लिया। जब महिला को घटना का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत शोर मचाया।
शोर सुनकर मौके पर मौजूद पुत्रियों व आसपास खड़े लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया। हालांकि, इससे पहले कि लोग उससे पूछताछ कर पाते, शातिर आरोपी ने चोरी किया हुआ हार अपने एक अन्य साथी को सौंप दिया, जो मौका पाकर हार लेकर वहां से फरार हो गया।
भीड़ का फायदा उठाकर भागा आरोपी, बाइक ज़ब्त
मौके पर मौजूद लोगों द्वारा पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम श्यामलाल बावरिया बताया। इस दौरान वहां काफी भीड़ जमा हो गई, इसी अफरा-तफरी और भीड़ का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी भी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। भागते समय आरोपी अपनी मोटरसाइकिल (नंबर: आरजे 18 वीएस 6175) मौके पर ही छोड़ गया।

