श्रीडूंगरगढ टुडे 8 अक्टूबर 2026
राजस्थान में राज्य स्तरीय समान परीक्षा योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 की 9वीं से 12वीं कक्षा तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का नया कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ललित कुमार की ओर से जारी आदेश के अनुसार अब ये परीक्षाएं 25 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी। पहले यह परीक्षाएं 15 अक्टूबर से 27 अक्टूबर के बीच प्रस्तावित थीं, लेकिन पंचायत राज चुनावों के कारण शिक्षा विभाग को परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा।


आदेश के अनुसार निर्धारित समय-सारणी में शामिल विषयों की परीक्षाएं तय तिथियों पर आयोजित होंगी। जिन विषयों का उल्लेख टाइम टेबल में नहीं किया गया है, उनकी परीक्षाएं संबंधित विद्यालय अपने स्तर पर आयोजित करेंगे। वहीं प्रायोगिक विषयों और स्कूल स्तर की अन्य परीक्षाओं का आयोजन मुख्य परीक्षा कार्यक्रम के बीच मिलने वाले अंतराल वाले दिनों में किया जाएगा।
इस बार शिक्षा विभाग ने प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा को लेकर भी विशेष व्यवस्था की है। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निजी विद्यालयों में प्रश्न-पत्र नहीं रखे जाएंगे। सभी निजी विद्यालयों के प्रश्न-पत्र संबंधित पीईईओ (पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी) अथवा यूसीईईओ (शहरी संकुल प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी) कार्यालय में सुरक्षित रखे जाएंगे। आवश्यकता पडऩे पर प्रश्न-पत्रों को पुलिस थानों में भी सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जा सकेगी। इस संबंध में अंतिम निर्णय लेने का अधिकार जिला शिक्षा अधिकारी को दिया गया है।
परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने निरीक्षण व्यवस्था भी मजबूत की है। आदेश में संभागीय संयुक्त निदेशक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के प्राचार्य के स्तर पर फ्लाइंग टीम गठित कर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा प्रश्न-पत्र प्राप्त होने से पूर्व जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित कर आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
वहीं पहली से आठवीं कक्षा तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं को लेकर अभी अलग से कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। शिक्षा विभाग ने फिलहाल केवल समान परीक्षा योजना के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक का टाइम टेबल जारी किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत राज चुनावों के कारण पहली से आठवीं तक की परीक्षाएं भी पूर्व निर्धारित तिथियों पर होना संभव नहीं माना जा रहा है। शिक्षा निदेशालय के सहायक निदेशक राजेश गोस्वामी ने बताया कि इन कक्षाओं की परीक्षा तिथियां अलग से घोषित की जाएंगी।
परीक्षा कार्यक्रम में हुए इस बदलाव के चलते अब अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं दिसंबर तक चलेंगी। इसके बाद शिक्षा विभाग फरवरी 2027 में वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन कराने की तैयारी करेगा। नए कार्यक्रम के साथ विभाग ने सभी विद्यालयों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने तथा परीक्षा संचालन के दौरान गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।











