श्रीडूंगरगढ़ टुडे 27 जुलाई 2026
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने सोमवार शाम को सेवा धाम छात्रावास में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को नमन कर उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया।
वीर जवानों के त्याग और शौर्य से कराया अवगत
कार्यक्रम के दौरान जिला संयोजक करण कुमार जाड़ीवाल व नगर मंत्री राघव लखोटिया ने उपस्थित विद्यार्थियों को 1999 के कारगिल युद्ध के इतिहास और भारतीय सेना के अद्वितीय पराक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे विषम परिस्थितियों और दुर्गम पहाड़ियों के बावजूद भारतीय सेना के जांबाज जवानों ने घुसपैठियों को खदेड़कर भारत माता का सर गर्व से ऊंचा किया था।
वक्ताओं ने युवाओं को देश प्रेम, अनुशासन और सेना के प्रति सम्मान की भावना को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कारगिल विजय दिवस के इस गरिमामय कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में देशभक्ति का विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर जिला संयोजक करण कुमार जाड़ीवाल नगर मंत्री राघव लखोटिया और गोविंद स्वामी सहित छात्रावास के विद्यार्थी एवं परिषद कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






