श्रीडूंगरगढ़ टुडे 19 जून 2026
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविरों के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायत मिंगसरिया और धनेरू में शिविर आयोजित किए गए। उपखंड शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने दोनों शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को प्राप्त प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए।

मिंगसरिया शिविर में शेराराम पुत्र सोहनराम और हुकमाराम पुत्र मोडूराम को पट्टे वितरित किए गए। वहीं राजस्व विभाग ने ग्राम नोसरिया निवासी प्रेमसिंह और बहादुरसिंह का सहमति विभाजन मौके पर ही करवाया। महिला अधिकारिता विभाग की ओर से लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत लाडो मोहिनी का जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान केक काटकर बधाई संदेश वितरित किए गए।

पशुपालन विभाग ने मंगला पशु बीमा योजना के तहत बीमा-पत्र वितरित किए, जबकि वन विभाग की ओर से पौधों का वितरण किया गया। उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

चिकित्सा विभाग ने शिविर में रक्तचाप, शुगर जांच और टीबी स्क्रीनिंग की। वहीं पेयजल एवं विद्युत विभाग ने क्षेत्र से जुड़े प्राप्त प्रकरणों का निस्तारण कर निर्बाध जल एवं बिजली आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का समाधान किया।

शिविरों के दौरान ग्राम पंचायत क्षेत्र के विद्यालय भवनों की स्थिति का आकलन करने के लिए सहायक अभियंताओं की टीम भी सक्रिय रही, जो निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार कर रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई रस्म का आयोजन किया गया तथा बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रवेश के लिए प्रेरित किया गया।

उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने बताया कि 20 जून को ग्राम पंचायत जोधासर और दुसारणा पंडरिकजी में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।








