श्रीडूंगरगढ़ टुडे 7 अक्टूबर 2026
क्षेत्र के निकटवर्ती गांव सातलेरा से देशनोक स्थित मां करणी मंदिर के लिए पैदल यात्री संघ कल, 8 अक्टूबर को रवाना होगा। यात्रा को लेकर ग्रामीणों व श्रद्धालुओं द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
संघ के रवाना होने से पूर्व सुबह 7:15 बजे गांव के करणी माता मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं महाआरती की जाएगी। इसके तत्पश्चात श्रद्धालु गाजे-बाजे और मां करणी के जयकारों के साथ देशनोक धाम के लिए पैदल प्रस्थान करेंगे।
संघ के व्यवस्थापक शिवानंद तावनियां ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक यात्रा में शामिल हो रहे हैं। वहीं संघ के संचालक जितेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि यात्रा में बुजुर्गों, युवाओं, बच्चों और महिलाओं की उत्साहजनक भागीदारी रहेगी। पैदल यात्रियों की सुविधा व सेवा के लिए मार्ग में आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं।
शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन देशनोक पहुंचकर श्रद्धालु मां करणी के दरबार में धोक लगाएंगे तथा क्षेत्र एवं परिवार में सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना करेंगे। पैदल संघ की रवानगी को लेकर पूरे सातलेरा गांव में भक्तिमय, धार्मिक उत्साह और हर्षोल्लास का माहौल है।

