श्रीडूंगरगढ टुडे 8 अक्टूबर 2026
क्षेत्र के गांव रीड़ी में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नायक मोहल्ले में नए ट्यूबवेल का निर्माण कराया गया है। विधायक ताराचंद सारस्वत के प्रयासों से बने इस ट्यूबवेल का गुरुवार को ग्रामीणों ने विधि-विधान से पूजन कर शुभ शुभारंभ किया और मीठे व स्वच्छ जल की कामना की।
पूजन कार्यक्रम में पंडित घनश्याम सारस्वत, सीताराम, गणेश, प्रेमचंद, डूंगरनाथ पंवार, मूलाराम जाखड़, पन्नाराम नायक, जालूराम नायक और डूंगर नायक सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पेयजल संकट से निजात दिलाने पर विधायक ताराचंद सारस्वत का आभार जताया।
सामाजिक कार्यकर्ता नरसीराम शर्मा ने बताया कि विधायक सारस्वत के लगभग ढाई वर्ष के कार्यकाल में रीड़ी गांव में यह चौथा ट्यूबवेल स्वीकृत व निर्मित कराया गया है। इस नए ट्यूबवेल के चालू होने से नायक मोहल्ले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रवासियों को भी पानी की किल्लत से बड़ी राहत मिलेगी।













