श्रीडूंगरगढ टुडे 26 सितंबर 2026
राजस्थान की मिट्टी में पले-बढ़े एक छोटे से गांव बीकानेर के खाजूवाला के युवा गायक मीर जुल्फिकार ने अपनी सुरीली आवाज और अद्भुत प्रतिभा के दम पर देश के बड़े सिंगिंग मंच पर अपनी खास पहचान बनाई है।
‘सा रे गा मा पा’ में देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से प्रतिभाशाली कलाकार ऑडिशन देने पहुंचे। इन्हीं हजारों प्रतिभाओं के बीच राजस्थान के छोटे से गांव बीकानेर खाजूवाला के मीर जुल्फिकार ने भी अपने हुनर का ऑडिशन दिया।
मीर की आवाज में ऐसा जादू था कि उन्होंने अपनी प्रतिभा और शानदार गायकी से जजों और दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा और टॉप-12 प्रतिभागियों में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे।
इस प्रतिष्ठित मंच पर पद्म विभूषण से सम्मानित शंकर महादेवन, कुमार सानू और नीति मोहन जैसे दिग्गज संगीतकार एवं गायिका प्रतिभाओं को परख रहे हैं। वहीं शो को अभिनेता श्रेयस तलपड़े होस्ट कर रहे हैं। ऐसे बड़े मंच पर टॉप-12 तक पहुंचना मीर जुल्फिकार के लिए ही नहीं, बल्कि उनके गांव और पूरे राजस्थान व बीकानेर जिले के लिए गर्व का विषय है।
मीर जुल्फिकार का सफर केवल एक प्रतियोगिता में आगे बढ़ने की कहानी नहीं है। यह एक छोटे से गांव से निकले उस हुनर की कहानी है, जिसने अपने सपनों को सीमाओं में बंधने नहीं दिया। मीर की गायकी ने साबित किया कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या बड़े मंच की मोहताज नहीं होती—अगर हुनर सच्चा हो तो एक छोटी सी जगह से उठी आवाज भी पूरी दुनिया तक पहुंच सकती है।
मीर को पैरों से चलने-फिरने में कठिनाई भी है, लेकिन उन्होंने इस चुनौती को अपनी राह की दीवार नहीं बनने दिया। उन्होंने अपनी आवाज को अपनी ताकत बनाया और संगीत को अपना रास्ता। आज उनकी आवाज देश के बड़े मंच पर गूंज रही है और उनके सफर से अनेक लोगों को प्रेरणा मिल रही है।
राजस्थान व बीकानेर जिले के लिए गर्व का पल
जिस गांव से निकलकर मीर ने अपने संगीत के सफर की शुरुआत की, आज उसी गांव का नाम देश के बड़े सिंगिंग मंच पर सुनाई दे रहा है। मीर जुल्फिकार सिर्फ अपने परिवार और गांव का नाम रोशन नहीं कर रहे, बल्कि अपनी आवाज के जरिए राजस्थान व बीकानेर जिले की प्रतिभा को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहे हैं।











