भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) शहर कमेटी श्रीडूंगरगढ़ की बैठक रविवार को माकपा कार्यालय में कॉमरेड मदनलाल प्रजापत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में श्रीडूंगरगढ़ शहर की जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी 5 जून को उपखंड कार्यालय के घेराव का ऐलान किया गया। मीडिया प्रभारी गौरव टाडा ने बताया कि शहर के लोग लंबे समय से पेयजल संकट, अनियमित बिजली आपूर्ति, चरमराई सफाई व्यवस्था, बरसाती पानी निकासी की समस्या, बंद पड़ी रोड लाइटों तथा ट्रॉमा सेंटर निर्माण कार्य शुरू नहीं होने जैसी मूलभूत समस्याओं से परेशान हैं।

प्रशासन इन मुद्दों के समाधान को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा है इसको लेकर एक बड़ी रणनीति बनाई गई।टाडा ने बताया कि माकपा ने 27 मई को भी उपखंड कार्यालय का घेराव कर प्रशासन से वार्ता की थी, उस दौरान प्रशासन ने दो दिन के भीतर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया था। लेकिन आज पांच दिन बीत जाने के बाद भी धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई है। इससे साफ है कि प्रशासन जनता की समस्याओं को हल्के में ले रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि शहरभर में समस्याग्रस्त क्षेत्रों को चिन्हित कर जनता को आंदोलन से जोड़ा जाएगा।

सचिव कॉमरेड अशोक शर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि प्रशासन अब भी नहीं चेता तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 5 जून का घेराव केवल एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि जनता के हक, पानी, बिजली, सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं की लड़ाई का बिगुल होगा। इस दिन सरकार और प्रशासन को जनता की ताकत का अहसास कराया जाएगा।
माकपा ने शहर के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से आह्वान किया है कि वे बड़ी संख्या में शामिल होकर इस जनसंघर्ष को मजबूत बनाएं और शहर की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करें।बैठक में ब्रांच सचिव कॉमरेड अशोक शर्मा, मीडिया प्रभारी गौरव टाडा, मदनलाल प्रजापत, डूंगरराम महिया, हरिप्रसाद सिखवाल, हनुमान मेघवाल, सुभाष जावा, मुकेश दमामी, मुकीम, अनीश, मनसूर अली, साहिल एवं सीताराम सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।


