श्रीडूंगरगढ़ टुडे 21 अगस्त 2026
डांगावास हत्याकांड मामले में पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर श्रीडूंगरगढ़ से भीम आर्मी भारत एकता मिशन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जयपुर पहुंचे। जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने हुंकार भरी और न्याय की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान नगीना सांसद एवं भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद, आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल धेनवाल तथा भीम आर्मी राजस्थान के प्रदेश संयोजक जितेन्द्र हटवाल ने डांगावास पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
इस दौरान श्रीडूंगरगढ़ से भीम आर्मी भारत एकता मिशन के तहसील अध्यक्ष लालचन्द गोयल, लालासर ग्राम अध्यक्ष केवलचन्द, महासचिव ओमप्रकाश, सुनिल, पन्नाराम, राधे आजाद सहित करीब 15 से अधिक कार्यकर्ता जयपुर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल हुए।
तहसील अध्यक्ष लालचन्द गोयल ने कहा कि डांगावास हत्याकांड के पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामाजिक न्याय, समानता और सम्मान की लड़ाई में भीम आर्मी भारत एकता मिशन पीड़ित परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “डांगावास पीड़ित परिवार को न्याय दो” और “सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रहेगी” जैसे गगनभेदी नारों के साथ अपनी मांगों को बुलंद किया।





