श्रीडूंगरगढ टुडे 30 सितंबर 2026
भारतीय किसान संघ ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में अल्पवृष्टि से हुई फसलों के नुकसान की भरपाई और किसानों की विभिन्न समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की है।
मुख्य मांगें:–
- विशेष गिरदावरी व अनुदान: क्षेत्र में कम बारिश के कारण बारानी और सिंचित दोनों प्रकार की फसलें प्रभावित हुई हैं। प्रभावित फसलों की विशेष गिरदावरी करवाकर पात्र किसानों को नियमानुसार आदान-अनुदान राशि दी जाए।
- फसल बीमा पारदर्शी क्रॉप कटिंग: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्रॉप कटिंग समय पर व पूर्ण पारदर्शिता से की जाए। प्रयोग से पूर्व सूचना देकर संबंधित गांव के 8-10 किसानों की मौजूदगी में प्रक्रिया करवाई जाए।
- सूड़सर उपतहसील में कार्मिकों की नियुक्ति: लंबे समय से बंद सूड़सर उपतहसील में आवश्यक कर्मचारियों की नियुक्ति कर उसे तत्काल संचालित किया जाए।
- बिजली आपूर्ति में सुधार: किसानों को प्रतिदिन 8 घंटे निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने तथा बार-बार होने वाली ट्रिपिंग व लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की गई।
आबादी क्षेत्र के पास मृत पशु डालने पर रोक लगाने की मांग
भारतीय किसान संघ ने एक अन्य ज्ञापन के माध्यम से ग्राम पंचायत टेऊ में इंदिरा कॉलोनी के पास डाले जा रहे मृत पशुओं पर रोक लगाने की मांग की है।
ग्राम पंचायत टेऊ में इंदिरा कॉलोनी के पूर्व दिशा में मृत पशु डाले जाते हैं। इसके आसपास दुलचासर ग्राम पंचायत की आबादी, जीएसएस, राजकीय चिकित्सालय, पशु चिकित्सालय, आंगनबाड़ी, विद्यालय, सहकारी समिति और गौशाला स्थित हैं।
मृत पशु डालने से आवारा कुत्तों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे स्कूली बच्चों और राहगीरों को कुत्तों के काटने का खतरा बना रहता है। साथ ही दुर्गंध और गंदगी से स्थानीय ग्रामीण परेशान हैं।
संगठन ने उक्त स्थान पर मृत पशु डालने पर तत्काल रोक लगाकर आबादी से दूर उचित स्थान पर उनके निस्तारण की व्यवस्था करने की मांग की है।
संघ पदाधिकारियों ने प्रशासन से किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन के दौरान बजरंग धारणियां, रामकिशन नाथ, दुर्गानाथ सिद्ध, अरुण, श्रवणसिंह पुंदलसर, रमेश कुमार, अमित मेघवाल सहित किसान संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।












