श्रीडूंगरगढ़ टुडे 22 अक्टूबर 2026
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार और “कोई भी पात्र मतदाता न छूटे” थीम के तहत श्रीडूंगरगढ़ उपखंड निर्वाचन शाखा द्वारा गुरुवार को स्थानीय सदू देवी पारख राजकीय कन्या महाविद्यालय में एक विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 18-19 वर्ष आयु वर्ग की नव युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने को लेकर खासा उत्साह दिखा।
एसडीएम झंवर लाल मित्तल के निर्देश पर विशेष जोर
उपखंड अधिकारी (एसडीएम) झंवर लाल मित्तल के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत पात्र युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करना है। शिविर के दौरान निर्वाचन शाखा के नायब तहसीलदार रमेश सिंह चौहान ने कॉलेज की छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया समझाई और भारतीय लोकतंत्र में हर एक वोट के महत्व पर प्रकाश डाला। सीबीईओ कार्यालय के आरपी पवन प्रजापत ने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक किया।

लोकतंत्र की मजबूती के लिए शत-प्रतिशत मतदान जरूरी: प्राचार्य अनुराधा बिस्सा
महाविद्यालय की प्राचार्य अनुराधा बिस्सा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की असली मजबूती प्रत्येक पात्र नागरिक की निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे न केवल अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं, बल्कि अपने आसपास के अन्य पात्र लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। डॉ. आनंद नारायण पुरोहित ने भी युवाओं को मतदान के अधिकार और उसकी पवित्रता के बारे में विस्तार से बताया।

इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर महाविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. कमल सिंह चारण, डॉ. चित्रा व्यास, डॉ. प्रभा कंवर, डॉ. सीमा खड़गावत और डॉ. प्रियंका श्रीमाली सहित निर्वाचन शाखा से लीलाराम मीणा, बीएलओ महेश जोशी, श्याम सुन्दर निर्वाण, अरविन्द माली, गोपीराम महिया, विक्रम सैन, किशनलाल सांखला, सुपरवाईजर मदन कड़वासरा एवं बुद्धराम उपस्थित रहे।

