श्रीडूंगरगढ टुडे 10 अगस्त 2026
शहीद श्री कालूराम इंदलिया की 122वीं जयंती के अवसर पर आगामी 14 अगस्त को बादनूं स्थित शहीद श्री कालूराम सामुदायिक भवन परिसर में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर शहीद श्री कालूराम इंदलिया सेवा समिति, बादनूं के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
शिविर की तैयारियों को लेकर सोमवार को गांव के मौजिज लोगों एवं युवाओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में रक्तदान शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर युवाओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही अधिकाधिक युवाओं एवं ग्रामीणों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर शिविर को सफल बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है और जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में रक्तदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। शहीद कालूराम इंदलिया की जयंती पर आयोजित होने वाला यह रक्तदान शिविर समाजसेवा एवं मानव सेवा की भावना को समर्पित रहेगा।
बैठक में समिति अध्यक्ष खुमाराम इंदलिया, प्राचार्य देवाराम इंदलिया, सचिव गोविन्द पंवार, कोषाध्यक्ष चन्दूलाल मायल, व्याख्याता देवीलाल इंदलिया, एलडीसी मनोज इंदलिया, व्याख्याता ओमप्रकाश, भंवरलाल चालिया, बाबूलाल इंदलिया, गोविन्द भरनावा, सुन्दरमल इंदलिया, लालचंद इंदलिया, शंकरलाल इंदलिया, मनोज मायल, नितेश इंदलिया सहित अनेक जागरूक युवा मौजूद रहे।
अध्यक्ष खुमाराम इंदलिया ने कहा—
“शहीद श्री कालूराम इंदलिया की 122वीं जयंती पर आयोजित रक्तदान शिविर केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि मानव सेवा और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। हम सभी युवाओं एवं ग्रामीणों से अपील करते हैं कि वे अधिकाधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करें और किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में अपना योगदान दें। हमारा प्रयास है कि इस शिविर को ऐतिहासिक बनाते हुए अधिक से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया जाए।”



