श्रीडूंगरगढ़ टुडे 16 जून 2026
कस्बे के वार्ड नंबर 01 व 02, कालूबास (अम्बेडकर कॉलोनी) में लंबे समय से चल रहे गंभीर पेयजल संकट का जल्द ही स्थाई समाधान होगा। सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान पहुंचे खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा को मोहल्लेवासियों ने एक ज्ञापन सौंपा। समस्या की गंभीरता को देखते हुए मंत्री गोदारा ने मौके पर ही मौजूद जलदाय विभाग (PHED) के अधिकारियों को मोहल्ले में नई पेयजल पाइपलाइन बिछवाने के कड़े निर्देश जारी किए।
वार्ड के नागरिकों ने पंचायत समिति में मंत्री से मुलाकात कर बताया कि इस दलित बहुल बस्ती में वर्षों पुरानी पाइपलाइन सड़क निर्माण के कारण करीब 8 से 9 फीट नीचे दब चुकी है। इस वजह से पर्याप्त प्रेशर नहीं बन पा रहा है और विशेष रूप से भोमदास जी बगेची से लेकर माता जी मंदिर तक की गली के दर्जनों परिवार इस भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। गरीब व मजदूर वर्ग के इन परिवारों को मजबूरी में महंगे दामों पर निजी टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।
मौके पर ही परिवाद सुनते हुए मंत्री सुमित गोदारा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए जलदाय विभाग के अधिकारियों को पाबंद किया कि इस पूरी जर्जर लाइन को बदलने के लिए तुरंत आवश्यक कार्यवाही शुरू कर नई पाइपलाइन बिछाने और जनता को नियमित पानी देने के निर्देश दिए।
ज्ञापन के दौरान भीम आर्मी पूर्व तहसील अध्यक्ष संदीप भारतीय, पूर्व पार्षद नानूराम मेघवाल, भंवरलाल मेघवाल, बेगराज मेघवाल, देवीलाल मेघवाल, भादर मेघवाल, हनुमान मेघवाल, विक्रम मेघवाल, विकास मेघवाल, श्यामसुंदर मेघवाल, राणा मेघवाल, बाबूलाल मेघवाल आदि मौजूद रहे। मंत्री जी के इस त्वरित फैसले पर पूर्व पार्षद हीरालाल मेघवाल, छोटू खां दमामी, पोकर मेघवाल, बीरबल मेघवाल, दीपाराम तावनियां, कालूराम मेघवाल, दुलाराम मेघवाल, मदन मेघवाल, भंवरलाल मेघवाल सहित समस्त वार्डवासियों ने मौके पर ही मंत्री गोदारा का आभार जताया।




