श्रीडूंगरगढ़ टुडे 2 जून 2026
श्रीडूंगरगढ़ की पुण्य धरा में स्थित सैकड़ों वर्ष प्राचीन कालिकाल कल्पतरु परमातारक श्री पार्श्वनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर के जीर्णोद्धार महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ आयोजित हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:30 बजे स्नात्र पूजा एवं नवग्रह पूजन से हुआ। इसके पश्चात प्रातः 10:00 बजे श्री पार्श्व नाकोड़ा भैरव महापूजन आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम में विधायक ताराचंद सारस्वत,महेश राजोतिया, भवानी तावनिया,जगदीश गुर्जर,हेमराज भादानी उपस्थित रहे। महापूजन को खरतरगच्छाचार्य श्री जिनमणिप्रभसागर सूरीश्वरजी म.सा. का पावन आशीर्वाद प्राप्त हुआ तथा सिरोही निवासी शासनरत्न, मनोज कुमार,बाबूमल,हरण के प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। महापूजन के मुख्य लाभार्थी धर्मनिष्ठ निर्मल कुमार संतोष देवी डागा परिवार रहे। धार्मिक अनुष्ठानों एवं मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के पश्चात सकल जैन समाज के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था भी है।

सम्पूर्ण आयोजन की व्यवस्थाएँ श्री ओसवाल पंचायत, श्रीडूंगरगढ़ की समस्त कार्यकारिणी द्वारा सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराई गईं। आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष विनोद भदाणी, मंत्री कान्ति कुमार पुगलिया, जीर्णोद्धार संयोजक अशोक कुमार बैद सहित समस्त कार्यकारिणी का विशेष योगदान रहा।

समाजजनों ने आयोजन की बहुत प्रशंसा करते हुए इसे श्री पार्श्वनाथ जैन मंदिर जीर्णोद्धार महोत्सव की एक सफल एवं ऐतिहासिक कड़ी बताया। पूरे कार्यक्रम में समाज की एकता, धार्मिक आस्था एवं सहयोग भावना का प्रेरणादायी स्वरूप देखने को मिला। कार्यक्रम में जैन समाज के अनेक गणमान्य व पदेन व्यक्तियों की उपस्थिति रही।


