श्रीडूंगरगढ़ टुडे 9 अक्टूबर 2026
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के द्वारा शुक्रवार को स्थानीय नानूदेवी लक्ष्मीनारायण चांडक आदर्श विद्या मंदिर में युवती सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीबीईओ (CBEO) सरोज वीर पूनियां तथा विशिष्ट अतिथि पार्षद बबीता देवी स्वामी सहित विशिष्ट अतिथि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कन्हैयालाल सिखवाल की प्राचार्य विमला गुर्जर, कपिला स्वामी, एबीवीपी बीकानेर जिला प्रमुख आयशा शर्मा और जोधपुर प्रांत सहमंत्री पूनम मेड़तिया शामिल हुईं।
मुख्य अतिथि सीबीईओ सरोज वीर पूनियां ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नारी जीवन का वास्तविक सौंदर्य सेवा, त्याग, प्रेम और संस्कारों में निहित है। उन्होंने युवाओं को बाजारवाद के प्रभाव से बचते हुए अपने उच्च नैतिक मूल्यों और संस्कारों को अपनाने का आह्वान किया। वहीं अन्य वक्ताओं ने बालिकाओं को भारतीय सनातन परंपरा व सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने के साथ-साथ विज्ञान एवं आधुनिक तकनीक को अपनाकर जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
साफा व स्मृति चिह्न देकर किया स्वागत
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। आयोजकों की ओर से अतिथियों का साफा, दुपट्टा पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत व सम्मान किया गया।
अंतरराष्ट्रीय योग खिलाड़ी का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान अंतरराष्ट्रीय योग खिलाड़ी आर्यांशी स्वामी को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की शिक्षिका कमलेश ने किया, जबकि व्यवस्थाओं का दायित्व पूजा मित्तल ने संभाला। अंत में आयशा शर्मा ने सभी आगंतुक अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एबीवीपी विभाग संयोजक मेहुल शर्मा, जिला संयोजक करण जाड़ीवाल, नगर मंत्री राघव लखोटिया, मनीष कच्छवा, नरेंद्र कूकना, प्रियंका, रेखा और अंजली सहित अनेक परिषद कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















