श्रीडूंगरगढ़ टुडे 12 जून 2026
श्रीडूंगरगढ़ उपखंड में पेयजल को लेकर लगातार शिकायत मिल रही है। शहरी क्षेत्र में सबसे ज्यादा पेयजल को लेकर आम जन परेशान है, जनप्रतिनिधि भी यह दिखाने का प्रयास कर रहे हैं कि वह जनता को लेकर कितने जागरूक है। करीबन एक साल पहले विधायक ताराचंद सारस्वत द्वारा एक ट्यूबवेल का भूमि पूजन करके लोकार्पण किया गया और यह बड़ा संदेश देने का प्रयास किया गया कि शहरी क्षेत्र के लोगों के लिए यह नलकूप उपयोगी साबित होगा और हनुमान धोरा का मीठा पानी आमजन को मिलेगा, इसके लिए खूब प्रचार प्रसार हुआ, फोटो सेशन हुआ, लेकिन आज तक इस शहर को इस ट्यूबवेल का एक लीटर पानी पीने को नहीं मिला।
नलकूप बन गया और आज इस नलकूप की हालत यह है की पुराने तेल के डिब्बे से इसको ढककर रखा हुआ है। नलकूप पूरी तरह से बंद है इस नलकूप से इस शहर को एक लीटर भी पानी सप्लाई नहीं हुआ सिर्फ फोटो सेशन के अलावा कुछ भी नहीं हुआ नलकूप अब बदहाली का आंसू बहा रहा है। जागरूक नागरिकों ने बताया कि इस नलकूप पर पुराने तेल का एक टिन लगाकर ढका हुआ है। कुछ पाइप 10 फीट की दूरी पर पड़े हुए है और इसको चलाने वाला बिजली का स्टार्टर एक साइड में पड़ा हुआ है। तस्वीर देखकर आप समझ गए होंगे कि यह नलकूप कितना उपयोगी शहर के लिए साबित हुआ या फिर फोटो सेशन तक ही सीमित रह गया।
श्रीडूंगरगढ़ जन स्वास्थ्य अभियंत्रिक विभाग के सहायक अभियंता के के वर्मा से बातचीत की तो उन्होंने कहा कि इस ट्यूबेल में पानी नहीं है और इसको लेकर हमने भूजल विभाग को पत्र लिखा है उनको जानकारी दे दी गई है कि इसका समाधान किया जाए, नया बनाए या फिर इसको किस तरह ठीक किया जाए यह उनका काम है। हमारे द्वारा उनको पत्राचार कर दिया गया है इस नलकूप में पानी नहीं है।
सामाजिक कार्यकर्ता शूरवीर मोदी ने बताया कि इस ट्यूवेल में बिल्कुल भी पानी नहीं है एक दिन भी शहर की सप्लाई नहीं हुई, सिर्फ फोटो सेशन हुआ और फोटो सेशन के बाद अब स्थिति आपके सामने हैं। संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्टेड किया जाए और अधिकारियों से इसकी वसूली हो ताकि जनता की गाढ़ी कमाई के टैक्स के पैसे का इस तरह से दुरुपयोग ना हो। हनुमान धोरा इलाका सबसे ज्यादा पानी वाला इलाका है यहां पानी नहीं निकलना संबंधित लोगों की लापरवाही मानी जाएगी, क्योंकि यह सबसे ज्यादा पानी वाला इलाका है, इस जगह पर पानी की कोई कमी नहीं है, नलकूप सही तरीके से नहीं खोदा गया और पूरी तरह से जमकर भ्रष्टाचार हुआ, जिसका नतीजा आज आपके सामने है। इसको लेकर हम उच्च अधिकारियों को शिकायत करेंगे, ताकि भ्रष्टाचार को रोका जा सके और इस तरह से चल रहे खेल पर पूरी तरह से अंकुश लगे।








