श्रीडूंगरगढ़ शनिवार को आई तूफानी बारिश से काफी नुकसान हुआ है। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के चलते वर्षों पुराने पेड़ धराशायी हो गए, बिजली के पोल टूटकर गिर पड़े और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में नेशनल हाइवे पर करीब एक दर्जन स्थानों पर पेड़ गिरे है और कई जगहों पर बिजली व सोलर लाइटों के पोल गिर गए है। खाखी धोरा के पास बिजली तार व पेड़ गिरने से लंबा जाम लग गया।
एनएच-11 पर कस्बे के पास पेड़ और पोल गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। टोल कर्मियों ने सूचना मिलते ही रास्ता साफ करवाया। वहीं सातलेरा के पास पेड़ और पोल गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस दौरान यात्री करीब 20 मिनट तक जाम में फंसे रहे।
घुमचक्कर स्थित आशीष पेट्रोल पंप के पास वर्षों पुराना कीकर का एक बड़ा पेड़ भी तूफान की चपेट में आकर टूट गया और वहां खड़े एक ट्रक पर गिर पड़ा। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बारिश के बाद कस्बे के निचले क्षेत्रों में भारी जलभराव हो गया। कई स्थानों पर पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर कीचड़ फैल जाने से आवागमन भी बाधित हो गया है।
गांव दुलचासर की रोही में तेज बारिश के साथ ओले गिरे गांव समंदसर में हालात गंभीर बने हुए हैं। कई घर चारों ओर से पानी से घिर गए हैं, जिससे ग्रामीणों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण पानी अब घरों के भीतर प्रवेश करने लगा है। इससे ग्रामीणों में चिंता और भय का माहौल है।
गांव सातलेरा में बारिश के चलते एक कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं जल निकासी के लिए शीघ्र कदम उठाने की मांग की है।











