श्रीडूंगरगढ टुडे 19 सितंबर 2026
भीषण गर्मी और लंबे समय से बारिश न होने के कारण कितासर भाटीयान स्थित ‘रुखमाणा जोड़ा’ में हरियाली पर संकट मंडराने लगा था। करीब दो वर्ष पूर्व इस जोड़े में लगाए गए सैंकड़ों पौधे पानी के अभाव और कड़कड़ाती धूप के कारण सूखने और जलने की कगार पर पहुंच गए थे। पौधों की इस बदहाल स्थिति को देखते हुए जिवराज सिंह भाटी (युवा अध्यक्ष, भाजपा मोमासर मंडल) ने आगे बढ़कर एक सराहनीय व अनुकरणीय पहल की। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए उन्होंने तुरंत अपनी व्यक्तिगत देखरेख में पानी के टैंकरों की व्यवस्था करवाई और सूख रहे सभी पौधों की सिंचाई करवाकर उन्हें नया जीवन प्रदान किया।
जिवराज सिंह भाटी की इस तत्परता और संवेदनशीलता की पूरे क्षेत्र में भूरि-भूरि प्रशंसा हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि जहां एक तरफ भीषण गर्मी में लोग घरों से निकलने में कतराते हैं, वहीं भाटी ने खुद मौके पर खड़े रहकर पौधों को जीवनदान देने का काम किया।
इस अवसर पर जिवराज सिंह भाटी ने संदेश देते हुए कहा, “वृक्षारोपण करना ही काफी नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का पालन-पोषण कर उन्हें पेड़ बनाना हमारी असली नैतिक जिम्मेदारी है। हम सब का फर्ज बनता है कि विषम परिस्थितियों में भी प्रकृति की रक्षा के लिए तत्पर रहें।”
ग्रामीणों ने इस मानवीय व जनहितैषी कार्य के लिए उनका आभार व्यक्त किया और अन्य लोगों से भी पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ने की अपील की।













