श्रीडूंगरगढ़ टुडे -16 अक्टूबर 2026
लोकतंत्र में भागीदारी की शुरुआत मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से होती है। इसी उद्देश्य से शुक्रवार को श्रीडूंगरगढ़ के दो छात्रावासों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘कोई भी पात्र मतदाता न छूटे’ थीम के तहत आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया समझाई गई और मतदान के महत्व की जानकारी दी गई।

निर्वाचन प्रकोष्ठ की ओर से क्षेत्र में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बालिका छात्रावास, श्रीडूंगरगढ़ और डॉ बीआर अम्बेडकर राजकीय छात्रावास, श्रीडूंगरगढ़ में मतदाता जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रमों में उपखंड अधिकारी झंवरलाल मित्तल ने पात्र बालक-बालिकाओं से फॉर्म संख्या-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने का आह्वान किया।
नायब तहसीलदार, निर्वाचन रमेश सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया तथा लोकतंत्र में मतदान के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए प्रेरित किया।

हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी
डॉ. बी. आर. अंबेडकर राजकीय छात्रावास के प्रभारी अधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है, ताकि वह अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में भागीदारी निभा सके।

कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बालिका छात्रावास, श्रीडूंगरगढ़ में रूपा देवी मोहता राउमावि श्रीडूंगरगढ़ की कार्यवाहक प्रधानाचार्य एंव उप प्राचार्य सुप्रिया शर्मा ने बालिकाओं को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया और हॉस्टल वार्डन मंजू ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में पंजीकरण के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस स्वीप कार्यक्रम में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सांवरमल रैगर, अरविन्द कुमार एवं श्याम सुंदर निर्वाण ने भी हॉस्टल विद्यार्थियों को नव मतदाता पंजीकरण के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने पात्र युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने की अपील की
कार्यक्रम में निर्वाचन प्रकोष्ठ से मोहम्मद आरिफ भाटी, लीलाराम मीणा, विनोद शर्मा और ओम प्रकाश का सहयोग रहा।











