श्रीडूंगरगढ टुडे 25 अगस्त 2026
श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र इलाके से एक नाबालिग छात्र को स्कूल के बाहर से अपहरण कर ले जाने की घटना सामने आई है। पीडि़त के पिता द्वारा श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है जिसमें बताया की बालक का अपहरण करके उसके साथ मारपीट करके जबरन शराब पिलाकर घरवालों से एक लाख रूपए की फिरौती मांगी गई ऊपनी निवासी परिवादी खिराजराम पुत्र रामूराम मेघवाल ने कल्याणसर पुराना निवासी वीरेंद्र जाट, रामचंद्र जाट, ऊपनी निवासी राजूराम जाट व राजूराम के मामा के खिलाफ आरोप लगाए है।
परिवादी ने पुलिस को बताया कि 22 अगस्त को ग्यारहवीं का छात्र उसका नाबालिग बेटा स्कूल से दोपहर 1.30 बजे निकला। आरोपी वीरेंद्र व राजूराम का मामा बाइक पर उसको जबरदस्ती बिठाकर अपहरण कर ले गए। मौके पर खड़े लोगों ने विरोध भी किया, परंतु आरोपीयो ने मारपीट करते हुए नाबालिग को उठा ले गए। आरोपी उसको एक धार्मिक स्थल पर ले गए, जहां पहले से ही लाखनसर निवासी एक नाबालिग को बिठा रखा था। आरोपियों ने परिवादी के बेटे को बेल्ट लात मुक्कों से मारपीट करते हुए घरवालों से एक लाख रूपए मंगवाने की बात कही। उसे जातिसूचक गालिया दी, नंगा गांव में घुमाने व जान से मारने की धमकी दी।
परिवादी ने बताया कि आरोपियों ने बालक को जबरन शराब पिलाई और उसके साथ मारपीट का वीडियो बनाकर आरोपी राजूराम ने अपनी आईडी से अपलोड भी किया। तभी वहां पहले से अपहृत किशोर ने शोर मचाया तो कुछ लोग आ गए और परिवादी के पुत्र को छुड़वाया। इस गंभीर घटना की जानकारी परिवादी ने डॉयल 112 पर दी तो पुलिस मौके पर पहुंची तब तक आरोपी वहां से भाग छूटे। मारपीट से बालक के शरीर पर कई चोटें आई है। पुलिस ने परिवादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर है और मामला अनुसूचित जाति के पीडि़त परिवार का होने के कारण जांच सीओ श्रीडूंगरगढ़ निकेत पारीक को दी गई है।




