श्रीडूंगरगढ़ टुडे 30 सितंबर 2026
साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों के प्रति युवाओं को सतर्क और जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
‘साइबर क्राइम जन जागरूकता माह’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई गई।

लघु फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, अनजान लिंक पर क्लिक करने से होने वाले नुकसान, फर्जी कॉल (Spam Calls) और लालच देने वाले मैसेज (Fraud Messages) से बचने के व्यावहारिक तरीके समझाए गए। इसके साथ ही दैनिक जीवन में सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, साइबर अपराधों से बचाव और अपनी व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा (Data Privacy) बनाए रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का सफल संचालन सोशल मीडिया प्रभारी सुश्री शुभनंदिनी द्वारा किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य अमित तंवर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में थोड़ी सी सावधानी ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने आसपास के लोगों व परिजनों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।











