श्रीडूंगरगढ़ टुडे 16 जून 2026
राज्य की संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याण की विभिन्न योजनाओं, फ्लैगशिप योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जन कल्याण शिविर के अन्तर्गत उपखण्ड क्षेत्र श्रीडूंगरगढ़ में प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर दिनांक 12 जून, 2026 से 15 जुलाई 2026 तक एक दिवसीय ‘ग्रामीण सेवा शिविर-2026″ का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को ग्राम पंचायत जैसलसर एवं इन्दपालसर गुसांईसर में ग्राम सेवा शिविरों का आयोजन किया गया। उपखण्ड शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी शुभम शर्मा ने जैसलसर में आयोजित शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विभागीय अधिकारियों को प्राप्त प्रकरणों का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया।

राजकुमार बिश्नोई ने बताया कि शिविर के दौरान दो पट्टे जारी किए गए, जिनमें एक पट्टा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जैसलसर तथा दूसरा पट्टा इन्द्र कुमार सारस्वत को दिया गया। कृषि विभाग द्वारा क्षेत्र के किसानों को उन्नत खेती को बढ़ावा देने और आर्थिक मदद के लिए निःशुल्क बीज मिनीकिट राज सीड्स (खरीफ) का वितरण किया तथा किसानों को राज किसान साथी पोर्टल की जानकारी देकर आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक किया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा ब्लड प्रेशर, शुगर जांच एवं टीबी स्क्रीनिंग की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, वहीं पशुपालन विभाग ने मंगला पशु बीमा योजना के तहत पंजीकरण किए। पेयजल एवं विद्युत विभाग ने जल एवं बिजली आपूर्ति से संबंधित प्राप्त शिकायतों और प्रकरणों के निस्तारण की कार्यवाही की। शिविर आयोजन से संबंधित ग्राम पंचायत में स्थित विद्यालयों भवनों की स्थिति की जांच हेतु सहायक अभियंताओं की टीम गठित की गई है जो शिविर के दौरान ग्राम पंचायत के विद्यालयों भवनों की स्थिति संबंधी रिपोर्ट तैयार कर रही है।

उपखंड अधिकारी व महिला एवं बाल विकास अधिकारी चन्द्रप्रभा शर्मा ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म सम्पन्न करवाई तथा ननिहालो के आंगनबाड़ी प्रवेश के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया। बता देवें बुधवार को अवकाश के बाद गुरूवार को सुरजनसर व आड़सर में शिविरों का आयोजन किया गया।




