श्रीडूंगरगढ़ टुडे 20 सितंबर 2026
विश्वरक्षक बाबा भैरवनाथ के प्रसिद्ध तोलियासर धाम में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच चोरी की घटना सामने आई है। दर्शन के लिए पहुंची एक महिला श्रद्धालु के गले से अज्ञात महिला ने करीब 25 ग्राम सोने की चेन और पेंडल पार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, टमकोर निवासी एवं उड़ीसा प्रवासी राजेश कुमार भंसाली ने पुलिस थाने में परिवाद सौंपा है। उन्होंने बताया कि उनकी माँ गिन्निदेवी भंसाली रविवार दोपहर लगभग 12 बजे तोलियासर धाम में बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर रही थीं।
इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात महिला ने उनके गले से लगभग 25 ग्राम सोने की चेन और उसमें लगा पेंडल चुरा लिया। घटना का अहसास होने पर पीड़िता ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन सोने की चेन का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर अज्ञात महिला के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराई और आभूषण बरामद कराने की गुहार लगाई है।
रविवार को देशभर से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के कारण मंदिर परिसर में खासी भीड़ रही, जिसका फायदा उठाकर उठाईगिर सक्रिय नजर आए। इस घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और निगरानी बढ़ाने की मांग उठ रही है।











