श्रीडूंगरगढ टुडे 17 अगस्त 2026
क्षेत्र के गांव धर्मास स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के 17 कमरों वाले पूरे भवन को जमींदोज करने के शिक्षा विभाग के आदेश का विरोध शुरू हो गया है। इस आदेश को निरस्त करवाने की मांग को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में धर्मास के ग्रामीण उपखंड कार्यालय पहुंचे और उपखंड अधिकारी झंवर लाल मित्तल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने से पूर्व ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी का स्वागत करते हुए उन्हें गुलदस्ता भेंट किया। इसके बाद शिक्षा विभाग द्वारा जारी भवन ध्वस्त करने के आदेश को निरस्त करने की पुरजोर मांग रखी।
भवन पूरी तरह सुरक्षित, 10-15 साल तक नहीं कोई खतरा’
ग्रामीणों ने बताया कि एसडीएमसी (SDMC) के सदस्यों और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से स्कूल के सभी 17 कमरों का निरीक्षण किया है। ग्रामीणों का दावा है कि भवन वर्तमान स्थिति में पूरी तरह सुरक्षित है और अगले 10 से 15 वर्षों तक इसमें कोई खतरा नहीं है। ऐसे में पूरे भवन को जमींदोज करने का फैसला जनहित में नहीं है। ग्रामीणों ने मांग की है कि उच्च अधिकारियों की एक विशेष टीम गठित कर सभी कमरों का दोबारा निष्पक्ष निरीक्षण करवाया जाए।
एसडीएम ने सीबीईओ से मांगी रिपोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपखंड अधिकारी झंवर लाल मित्तल ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसडीएम ने मौके पर ही मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) को फोन कर इस पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट तत्काल पेश करने के सख्त निर्देश दिए उन्होंने आश्वस्त किया कि विभाग की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।





