श्रीडूंगरगढ टुडे
श्रीडूंगरगढ उपजिला चिकित्सालय में रोजाना बढ़ रही मरीजों की भीड़ और पर्ची (रजिस्ट्रेशन) कटवाने के लिए लग रही लंबी कतारों से आमजन को हो रही असुविधा को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र स्वामी ने प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डॉ. ओपी स्वामी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मरीजों व उनके परिजनों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में तुरंत प्रभाव से एक अतिरिक्त रजिस्ट्रेशन कक्ष शुरू करने की मांग की गई है।

सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र स्वामी ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ का यह राजकीय चिकित्सालय क्षेत्र का सबसे बड़ा अस्पताल है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। वर्तमान व्यवस्था के तहत रजिस्ट्रेशन काउंटर पर भारी भीड़ उमड़ती है, जिससे लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। कतारों के कारण अस्पताल का मुख्य आवागमन मार्ग भी बाधित होता है। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और वृद्ध नागरिकों को पर्ची कटवाने में परेशानी होती है।
स्वामी ने कहा कि अतिरिक्त रजिस्ट्रेशन कक्ष शुरू होने से मरीजों को कम समय में पर्ची मिल सकेगी और अस्पताल में लगने वाली भीड़ व कतारों से भी राहत मिलेगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से जल्द अतिरिक्त कक्ष शुरू करने की मांग की।



