श्रीडूंगरगढ टुडे 10 नवंबर 2026
सड़क हादसों में घायल होकर सड़कों पर तड़पते बेसहारा गोवंश को समय पर त्वरित उपचार और सुरक्षित आश्रय मिल सके, इसके लिए ‘आपणों गांव श्रीडूंगरगढ़ SDGH सेवा समिति’ ने प्रशासन से ठोस पहल करने की जोरदार मांग उठाई है। इस संबंध में समिति के पदाधिकारियों ने मंगलवार को तहसीलदार को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें क्षेत्र की सभी पंजीकृत गौशालाओं को घायल, बेसुध और चलने-फिरने में असमर्थ गोवंश को बिना किसी शर्त के आश्रय और प्रवेश देने के लिए पाबंद करने की मांग की गई।
समिति लंबे समय से कर रही है निःस्वार्थ सेवा
ज्ञापन के माध्यम से समिति ने बताया कि उनके सेवादार पिछले लंबे समय से सड़क हादसों में घायल और असहाय गोवंश की निस्वार्थ सेवा में जुटे हुए हैं। सेवादार न केवल घायल पशुओं का मौके पर पहुंचकर उपचार करवाते हैं, बल्कि उनके रहने, खाने और उचित देखभाल की व्यवस्था करने के लिए भी लगातार प्रयासरत रहते हैं।
गौशालाओं द्वारा मना किए जाने से बढ़ती है परेशानी
समिति पदाधिकारियों ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि उनके पास अपनी खुद की कोई गौशाला नहीं है। ऐसे में कई बार गंभीर रूप से घायल गोवंश का उपचार उसी खुले स्थान पर करना पड़ता है, जहां वह दर्द से बेसुध अवस्था में पड़ा होता है। अपने स्तर पर कई बार जब इन बेजुबानों को सुरक्षित आश्रय देने के लिए गौशालाओं में शिफ्ट करवाने का प्रयास किया जाता है, तो कुछ गौशाला संचालक उन्हें प्रवेश देने से साफ इनकार कर देते हैं। समय पर उचित उपचार और सुरक्षित आश्रय न मिलने के कारण कई बार इन बेजुबान पशुओं की जान पर गंभीर संकट आ जाता है।
प्रशासनिक सहयोग से बचेगी बेजुबानों की जान
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि श्रीडूंगरगढ़ तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी गौशालाओं को प्रशासनिक स्तर पर सख्त निर्देश दिए जाएं कि समिति द्वारा लाए जाने वाले या सूचना दिए जाने वाले प्रत्येक घायल एवं असहाय गोवंश को बिना शर्त प्रवेश दिया जाए तथा उनके समुचित उपचार व देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। समिति का मानना है कि गोवंश सेवा के कार्य में जुटे संगठनों के बीच बेहतर समन्वय और प्रशासनिक सहयोग से कई बेजुबान मूक पशुओं की अमूल्य जान बचाई जा सकती है।
इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने वालों में समिति अध्यक्ष राजकुमार सुथार, उपाध्यक्ष सत्यनारायण टाक, मंत्री जयप्रकाश झंवरिया, कोषाध्यक्ष भीखाराम सुथार, विधिक सलाहकार एडवोकेट प्रवीण पालीवाल और शूरवीर मोदी सहित कई सेवादार उपस्थित रहे।


