श्रीडूंगरगढ टुडे 3 अगस्त 2026
श्रीडूंगरगढ़ में आज मातृशक्ति का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। अपनी हक की लड़ाई को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आज शहर के गांधी पार्क से लेकर महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उन्हें न तो समय पर वेतन दिया जा रहा है और ना ही किसी अन्य सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है। जब पांच महीने तक वेतन ही नहीं मिले तो वह आखिर कैसे काम करेगी। ऑनलाइन सिस्टम की वजह से उनका मोबाइल रिचार्ज भी करवाना पड़ता है लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने की वजह से वह पूरी तरह से परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन समय पर सुनवाई करें और उनकी मांगों पर विचार करें क्योंकि वह सरकार की योजनाओं को लेकर घर-घर तक जाकर प्रचार प्रसार कर रही है, लेकिन उनका समय पर कोई भी सुविधा नहीं मिल रही है।
गौरतलब है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का घर-घर तक प्रचार करती हैं लेकिन उन्हें सरकार द्वारा मानदेय भी समय पर नहीं मिल रहा है और ना ही अन्य सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है, जिसको लेकर वह लगातार परेशान है। बार-बार ज्ञापन देने के बाद भी उनकी आज तक सुनवाई नहीं हुई है। प्रदर्शन के बाद सीडीपीओ प्रमोद भौबरीया को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा ज्ञापन सौंपा गया जल्द से जल्द मानदेय का भुगतान करने की मांग की गई। सीडीपीओ ने बताया कि इनकी मांगों को लेकर उचित कार्रवाई की जा रही है।




