श्रीडूंगरगढ़ टुडे 11 जुलाई 2026
सूडसर : शनिवार सुबह क्षेत्र में चैन स्नेचिंग की एक वारदात के बाद दर्दनाक हादसा हो गया। एक युवक महिला के गले से चैन छीनकर भागने के दौरान चलती ट्रेन से कूद गया, जिससे गंभीर चोटें आने पर उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हिसार-बीकानेर के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 14898 डेमू में करीब 25 वर्षीय एक युवक ने बेनीसर के पास रेलवे पिलर संख्या 400 के निकट एक महिला यात्री के गले से चैन छीन ली।
घटना के बाद महिला एवं उसके परिजनों ने युवक को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को बचाने के प्रयास में युवक पिलर संख्या 401 के पास चलती ट्रेन से कूद गया।
चलती ट्रेन से कूदने के दौरान युवक रेलवे ट्रैक के पास लगे पोल से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यात्रियों ने तत्काल ट्रेन रुकवाई।
इसके बाद ट्रेन गार्ड ने ट्रेन को लगभग एक किलोमीटर पीछे ले जाकर घायल युवक को ट्रेन में चढ़ाया और सूडसर रेलवे स्टेशन पहुंचाया।
स्टेशन पहुंचने तक युवक की हालत बेहद गंभीर थी और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसकी पैंट से मिले मोबाइल फोन के आधार पर पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
शव को सूडसर रेलवे स्टेशन पर रखा गया है तथा घटना की सूचना रेलवे पुलिस को दे दी गई है। पुलिस के पहुंचने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ट्रेन में सफर कर रहे यात्री लादूपूरी गोस्वामी ने बताया कि यदि युवक को समय पर उपचार मिल जाता तो संभवतः उसकी जान बच सकती थी। उनके अनुसार सूडसर स्टेशन तक पहुंचने के दौरान युवक के शरीर में हलचल थी, लेकिन स्टेशन पर उतारने तक उसने दम तोड़ दिया।



