श्रीडूंगरगढ़ टुडे 5 सितंबर 2026
अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशानुसार तेरापंथ महिला मंडल, श्रीडूंगरगढ़ द्वारा स्थानीय मालू भवन सेवा केंद्र में साध्वी लक्ष्य प्रभा जी के पावन सानिध्य में सामूहिक आयंबिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में कुल 51 भाई-बहनों ने भक्तिभाव से आयंबिल का प्रत्याख्यान किया।

समारोह को संबोधित करते हुए साध्वी लक्ष्य प्रभा जी ने आयंबिल तप के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जैन परंपरा में तपस्या के अंतर्गत आयंबिल का विशेष स्थान है। इसमें दिन में केवल एक बार, एक ही अनाज से बना भोजन ग्रहण कर तप का पालन किया जाता है। साध्वी श्री जी ने उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं को आयंबिल अनुष्ठान भी करवाया। अनुष्ठान के पश्चात महिला मंडल की ओर से सभी तपस्वी भाई-बहनों के लिए पारणा/भोजन की व्यवस्था की गई।

महिला मंडल की अध्यक्ष मंजु देवी बोथरा ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में स्वर्गीय पाना देवी दुगड़ की स्मृति में रतनलाल एवं सुनीता दुगड़ द्वारा आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मधु झाबक सहित कार्यसमिति की अन्य बहनों का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री अंबिका डागा ने सभी सहयोगियों, तपस्वियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।












