श्रीडूंगरगढ टुडे 16 सितंबर 2026
बाबा श्याम के दर्शन की आस्था और भक्ति का उत्साह बुधवार को श्रीडूंगरगढ़ की सड़कों पर नजर आया। श्री श्याम परिवार संघ के बैनर तले करीब 200 श्याम भक्तों का जत्था आडसर बास के उत्तर दिशा में स्थित श्याम धोरा मंदिर से खाटूधाम के लिए पदयात्रा पर रवाना हुआ। रवाना होने से पहले मंदिर में पूजा-अर्चना की गई और बाबा श्याम की ज्योत के समक्ष मंगलकामना की गई
पदयात्रा जैसे ही शहर के मुख्य बाजार से होकर निकली, माहौल भक्तिमय हो गया। हाथों में निशान और बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु आगे बढ़े। ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ और ‘श्याम बाबा की जय’ के जयकारों से आसमान गूंज उठा। बाजार में जगह-जगह लोगों ने पदयात्रियों का स्वागत किया और श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया।
संघ के सूर्यप्रकाश सोनी ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ से खाटू श्याम तक की पूरी पदयात्रा में अखंड ज्योत भी साथ रहेगी। सात दिन की इस पदयात्रा के बाद श्रद्धालु 22 सितंबर को खाटूधाम पहुंचकर बाबा श्याम के दर्शन करेंगे। पदयात्रा को लेकर श्याम भक्तों में खासा उत्साह नजर आया।
पदयात्रा में शामिल श्रद्धालु भजनों और जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। रास्ते में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए लोगों ने विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थाएं कीं। भक्तों का जत्था जैसे-जैसे मुख्य बाजार से आगे बढ़ा, शहर का माहौल बाबा श्याम की भक्ति में रंगा नजर आया।






