श्रीडूंगरगढ टुडे 31 अगस्त 2026
नगरपालिका चुनाव 2026 के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन सोमवार को उपखंड कार्यालय परिसर में प्रत्याशियों, प्रस्तावकों और समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। सुबह से ही पर्चा दाखिल करने वालों की लंबी लाइनें देखी गईं। अंतिम दिन की इस अप्रत्याशित भीड़ के साथ ही 40 वार्डों वाले चुनावी मैदान में सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है।अंतिम दिन 40 वार्डों से 184 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
चुनाव शाखा से प्राप्त अधिकृत जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 1 से 20 तक 90 नामांकन पत्र जमा हुए, जबकि वार्ड संख्या 21 से 40 तक 94 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए।
गौरतलब है कि नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन केवल एक नामांकन पत्र जमा हुआ था, जबकि दूसरे दिन 49 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। अंतिम दिन अचानक बढ़ी भीड़ के साथ तीन दिनों में सभी 40 वार्डों से कुल 234 नामांकन पत्र जमा हो चुके हैं।
नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अब रिटर्निंग अधिकारी द्वारा नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी। जिन पत्रों में त्रुटियां पाई जाएंगी, उन्हें खारिज कर दिया जाएगा। इसके बाद 3 सितंबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि तय की गई है। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होते ही प्रत्येक वार्ड में चुनाव लड़ने वाले अंतिम प्रत्याशियों की वास्तविक सूची जारी कर दी जाएगी।



