श्रीडूंगरगढ टुडे 23 अगस्त 2026
शहर की व्यवस्था में बदलाव और स्थानीय मुद्दों के समाधान के उद्देश्य से सभी राजनीतिक पार्टियों से अलग हटकर स्थानीय समर्पित युवाओं द्वारा ‘विकास मंच’ का गठन किया गया है। मंच की पहली आम सभा का आयोजन कस्बे के मुख्य बाजार स्थित पुराने बस स्टैंड पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।
आम सभा को संबोधित करते हुए ‘आपणो गांव सेवा समिति’ के सदस्य शूरवीर मोदी और जतनसिंह राजपुरोहित ने बीते पांच वर्षों में श्रीडूंगरगढ़ में हुई समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कस्बे में सड़क निर्माण, नाला निर्माण और राजकीय चिकित्सालय में व्याप्त अनियमितताओं व भ्रष्टाचार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। दोनों वक्ताओं ने कहा कि शहर की मौजूदा स्थिति को बदलने की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है और उन्होंने इस बदलाव के लिए जन-समर्थन मांगा।
सभा के दौरान शूरवीर मोदी ने आगामी चुनावों में विकास मंच की ओर से प्रत्याशी मैदान में उतारने की घोषणा की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मंच का प्रत्याशी जीतकर यदि पालिकाध्यक्ष बनता है, तो शहर में पूरी पारदर्शिता के साथ सफाई, विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य जनता की मंशा के अनुरूप कराए जाएंगे।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों से जब विकास मंच के बैनर तले चुनाव लड़ने को लेकर राय मांगी गई, तो उपस्थित जनसमूह ने नारेबाजी कर इसका समर्थन किया। इसके बाद आयोजकों ने लोगों से अपने-अपने वार्डों में योग्य उम्मीदवार चुनने और उन्हें चुनाव मैदान में उतारने का आह्वान किया। समर्थकों के सहयोग के आह्वान के साथ आम सभा का समापन हुआ।



