श्रीडूंगरगढ़ टुडे 31 जुलाई 2026
सेसोमूं स्कूल में छात्र प्रतिनिधि मंडल के शपथ ग्रहण समारोह (इन्वेस्टिचर सेरेमनी) का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन जगदीश प्रसाद मूंधड़ा एवं वाइस चेयरपर्सन श्रीमती पद्मा मूंधड़ा की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व एवं अनुशासन की भावना का विकास करना रहा।

मुख्य अतिथि के रूप में सेसोमूं स्कूल के पूर्व छात्र एवं सफल उद्यमी आशीष राठी ने समारोह की शोभा बढ़ाई। उन्होंने सेसोमूं स्कूल में बिताए अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यालय के अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन की प्रशंसा की। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उन्हें ईमानदारी एवं टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में हेड बॉय के रूप में कक्षा 12वीं वाणिज्य वर्ग के छात्र लक्ष्य संगवानी तथा हेड गर्ल के रूप में कक्षा 12वीं विज्ञान वर्ग की छात्रा छवि झंवर का चयन किया गया तथा उन्हें बैज प्रदान करके सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के चारों सदनों—एमरल्ड, रूबी, सैफायर एवं टोपाज—के कैप्टन, वाइस कैप्टन एवं हाउस प्रीफेक्ट्स को भी बैज प्रदान कर पदभार सौंपा गया।

प्राचार्य श्री सुब्रत कुंडू ने सभी नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनसे अनुशासन, सहयोग एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा अपने आचरण से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनने का आह्वान किया। इसके उपरांत उन्होंने सभी नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को विद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर फरियाद अली काजी, पंकज पारीक सहित समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



