श्रीडूंगरगढ टुडे 18 जुलाई 2026
श्रीडूंगरगढ़ नेशनल हाइवे पर एक ट्रक चालक के साथ मारपीट और लूट की वारदात का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार दो ट्रक चालकों में आपस में कहासुनी हो जाने पर एक ट्रक के चालक ने दूसरे वाहन चालकों को बुला लिया और ट्रेलर को रुकवाकर चालक के साथ बेरहमी से मारपीट की और ट्रक में रखे 30,600 रुपए लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित दिलीपसिंह पुत्र इंद्रसिंह राणा ने पुलिस को बताया कि वह बिग्गाबास रामसरा निवासी ओमप्रकाश जाखड़ के ट्रेलर पर ड्राइवर का कार्य करता है। 12 जुलाई की सुबह दस बजे बीकानेर से सिलिका सैंड लेकर रवाना हुआ था। लखासर टोल प्लाजा पर एक अन्य ट्रेलर चालक उससे बेवजह गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर वह वहां से चला गया।
परिवादी ने बताया कि लखासर टोल और बेनीसर के बीच आरोपी ने अपना ट्रेलर रोक लिया, जहां पहले से दो अन्य वाहन भी खड़े थे। तीनों वाहनों के चालकों ने उसका ट्रेलर रुकवाया और जबरन उसके वाहन में घुस गए। आरोपियों ने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया तथा लोहे की रॉड व लात-घूंसों से मारपीट की और ट्रक में रखे 30,600 रुपए निकाल लिए।
शोर-शराबा होने पर हाइवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालक मौके पर रुकने लगे, जिसे देखकर आरोपी फरार हो गए। घायल चालक को बिग्गा निवासी तोलाराम ने अस्पताल पहुंचाया।
परिवादी ने पुलिस को कुछ संदिग्ध वाहनों के नंबर भी उपलब्ध कराए हैं। श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

