श्रीडूंगरगढ़ टुडे 23 सितंबर 2026
मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले क्षेत्र के वीर शहीद बजरंगलाल चोटिया के 18वें शहादत दिवस के अवसर पर 26 सितंबर को उनके पैतृक गांव में एक विशाल रक्तदान शिविर और निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह सवा नौ बजे ग्राम पंचायत भवन में श्रद्धांजलि सभा से होगी, जहां ग्रामीण और युवा शहीद को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद रक्तदान शिविर का आयोजन होगा, जिसमें युवा पीड़ित मानवता की सेवा के लिए रक्तदान करेंगे।
निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर:
ग्राम पंचायत भवन में ही सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में ‘जीवन रक्षा हॉस्पिटल’ के प्रसिद्ध फिजिशियन डॉ. राकेश कुमार अपनी सेवाएं देंगे। शिविर के दौरान मरीजों को परामर्श, बीपी जांच, शुगर जांच और खून की कमी की जांच पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
पोस्टर व बैनर का हुआ विमोचन:
आयोजन को लेकर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को कार्यवाहक थानाधिकारी सुभाष बिश्नोई व थाना स्टाफ ने रक्तदान शिविर के बैनर का विमोचन किया। इस अवसर पर थानाधिकारी बिश्नोई ने रक्तदान को ‘महादान’ बताते हुए युवाओं से शहीद की स्मृति में अधिक से अधिक रक्तदान करने का आह्वान किया। विमोचन के दौरान आयोजन समिति के अनेक युवा मौजूद रहे।












