श्रीडूंगरगढ़ टुडे 6 जुलाई 2026
भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सोमवार को भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। विधायक ताराचंद सारस्वत सहित भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए तथा उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया।
विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का “राष्ट्र प्रथम” का विचार भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक आधारशिला है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा के लिए डॉ. मुखर्जी का संघर्ष और बलिदान आज भी हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों को अपनाते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता और सांस्कृतिक गौरव की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनका संदेश “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” आज भी राष्ट्रीय एकता का प्रतीक माना जाता है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमनाथ जाखड़, शहर मंडल अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी, मंडल उपाध्यक्ष गजानंद दाधीच, शहर महामंत्री मदन सोनी, महेश राजोतिया, भवानी प्रकाश तावणिया, जगदीश आसोपा, शहर मंत्री महेंद्र पारीक, श्रवण शर्मा, रोहित बोहरा, रामसिंह राजपुरोहित, अशोक सिंह, रामचंद्र नायक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।






