श्रीडूंगरगढ़ टुडे 29 मई 2026
श्रीडूंगरगढ़ की रोही में भूमि विवाद को लेकर शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में पत्थरगढ़ी की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान विरोध करने पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष विनोद गिरी गुंसाई सहित आठ लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार खसरा नंबर 806 के वास्तविक सीमांकन और पत्थरगढ़ी की मांग को लेकर भूमि स्वामी ने प्रशासन को परिवाद दिया था। इस पर पूर्व में 27 मई को आदेश जारी किया गया था, लेकिन पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने से कार्रवाई टल गई थी। शुक्रवार सुबह प्रशासनिक अमला और पुलिस बल मौके पर पहुंचा तथा सीमांकन की कार्रवाई शुरू की।
बताया गया कि विवादित खसरे के समीप विनोद गिरी गुंसाई का खेत स्थित है। प्रशासन ने वर्षों पुरानी सीमा रेखा (सींव) को अमान्य मानते हुए खसरा नंबर 806 की पत्थरगढ़ी शुरू की, जिसका गुंसाई ने विरोध किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें बीएनएस की धारा 170 के तहत शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर थाने पहुंचाया। गुंसाई को हटाने के बाद राजस्व अधिकारियों ने मौके पर पत्थरगढ़ी की कार्रवाई पूरी करवाई।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से सीमांकन नहीं होने के कारण खसरा नंबर 805 की करीब 45 बीघा भूमि आसपास के खेतों में समाहित हो गई थी। उक्त भूमि रजिस्ट्री के माध्यम से बीकानेर निवासी रमेश कुमार भाटी द्वारा खरीदी गई थी। शुक्रवार को प्रशासन ने सीमांकन कर भूमि को कब्जा मुक्त करवाते हुए खरीदार को कब्जा दिलाया।
मौके पर तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा, नायब तहसीलदार सरजीत सिंह धायल, गिरदावर चैनसिंह, पटवारी सीताराम नाई सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस की ओर से एसआई राजेन्द्र मय जाप्ता तथा बाद में थानाधिकारी कश्यप सिंह भी मौके पर पहुंचे। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा गया। थाना अधिकारी कश्यप सिंह राघव से मिली जानकारी के अनुसार हालात पूरी तरह से नियंत्रण में है और प्रशासन का सहयोग करने के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात है।
विनोद गिरि गोस्वामी को हाल ही में भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेश कोषाध्यक्ष भी बनाया गया कहीं ना कहीं भाजपा के शासन में भाजपा के ही लोगों पर इस तरह कार्रवाई होना एक बड़ा संदेश दिया जा रहा है कि आदमी कितना भी बड़ा क्यों ना हो प्रशासन अपना काम करेगा दरअसल दूसरी तरफ भी बीकानेर के एक बड़े भाजपा नेता बताये जा रहे हैं जिनके द्वारा यह जमीन खरीदी गई है।


