श्रीडूंगरगढ टुडे 5 सितंबर 2026
आदर्श विद्या मंदिर श्रीडूंगरगढ़ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 107 भैया-बहनों ने श्रीकृष्ण एवं राधा के मनमोहक स्वरूप में सजकर उत्सव की शोभा बढ़ाई। नन्हे-मुन्ने बालकों का आकर्षक कृष्ण-राधा रूप उपस्थित जनों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

कार्यक्रम के दौरान बाल कलाकारों द्वारा 12 मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। कृष्ण भक्ति से ओत-प्रोत गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। नन्हे बालकों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के विनोद वर्मा, आसाराम, रतनलाल व माहिति यादव सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से बच्चों को जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया

विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती कंचन व्यास ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति, संस्कार, आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता का विकास करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में भगवान श्रीकृष्ण की आरती भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुई। भव्य सजावट, राधा-कृष्ण के मनमोहक स्वरूप और बाल कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा विद्यालय परिसर कृष्णमय हो गया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम सफल एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।





