श्रीडूंगरगढ़ टुडे 3 अक्टूबर 2026
शहर के दक्षिण दिशा में श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय के पास स्थित शिशु श्मशान भूमि अब भू-माफियाओं के निशाने पर आ गई है। इस बहुमूल्य श्मशान भूमि को अतिक्रमण से बचाने और सुरक्षित करने के लिए वार्ड 13 की पार्षद भूरी देवी ने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) को ज्ञापन सौंपा है।
सनातन परंपरा का केंद्र, तारबंदी कराकर संरक्षण की मांग
पार्षद भूरी देवी ने ज्ञापन में बताया कि यह शिशु श्मशान भूमि काफी बीघा क्षेत्र में फैली हुई है, जहां सनातन परंपरा के अनुसार बच्चों व अन्य मृत देहों का अंतिम संस्कार किया जाता है। उन्होंने आशंका जताई कि क्षेत्र के कुछ भू-माफियाओं की कुदृष्टि इस जमीन पर है और वे जल्द ही इस पर अवैध कब्जा करने की फिराक में हैं। पार्षद ने पालिका प्रशासन से मांग की है कि इस जमीन के चारों ओर अविलंब तारबंदी करवाई जाए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को रोका जा सके।
पार्षद ने वार्ड की गलियों में नालियों के अभाव में फैल रहे गंदे पानी, कीचड़, जगह-जगह लगे कचरे के ढेर तथा रोड लाइट की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि कई गलियों में नालियां नहीं होने से घरों का पानी सड़कों पर फैल रहा है, वहीं सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से कचरा उठवाने की मांग की है। वहीं वार्ड में बंद पड़ी रोड लाइटें चालू करवा समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने की मांग की है।
हाई स्कूल के पीछे हुई कार्रवाई के बाद एक और नई चुनौती
उल्लेखनीय है कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में भू-माफियाओं की बढ़ती सक्रियता को लेकर स्थानीय नागरिक लगातार सवाल उठाते रहे हैं। हालांकि प्रशासन भी समय-समय पर सख्त कार्रवाई कर रहा है। हाल ही में नगरपालिका प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए हाई स्कूल के पीछे स्थित कीमती जमीन को भू-माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराकर वहां पालिका का मालिकाना बोर्ड लगाया था। इसके बाद अब शिशु श्मशान भूमि को अवैध कब्जे से सुरक्षित बचाना पालिका प्रशासन के लिए एक नई और बड़ी चुनौती बन गया है।

