श्रीडूंगरगढ टुडे 8 अगस्त 2026
जयपुर-अजमेर हाईवे पर बड़के बालाजी बस स्टैंड के पास गुरुवार देर रात हादसे में युवक-युवती की मौत हो गई। अजमेर की ओर जा रही तेज रफ्तार एसयूवी डिवाइडर के पास से निकली और सड़क पर भरा पानी उछलकर शीशे पर आ गया। चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और एसयूवी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में एसयूवी सवार श्री माधोपुर (सीकर) निवासी अमन मान (21) और श्रीडूंगरगढ (बेनीसर ) निवासी रेवंती (25) की मौत हो गई पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब सवा दो बजे हुआ।
हादसा इतना भीषण था कि एसयूवी का एक हिस्सा लोहे की रैलिंग से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में सवार रेवंती उछलकर सड़क पर जा गिरी। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस जांच के अनुसार बारिश के समय स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में थी। बारिश के भरे पानी के कारण ओवर स्पीड स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई। ब्रेक लगाते ही स्कॉर्पियो पलटी खा गई। तीन पलटी खाने से स्कॉर्पियो के साइड खिड़की के गिलास टूट गए। टायर फटने के साथ डिवाइडर की रेलिंग पर गाड़ी चढ़कर रुक गई। सीट बेल्ट नहीं लगे होने के कारण टूटे गिलास से बाहर आकर युवती सड़क पर गिर गई। गाड़ी में शराब की बोतल भी मिली है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि स्कॉर्पियो सवारों ने ड्रिंक भी कर रखी थी। एक्सीडेंट होने पर ड्राइव कर रहा अमन स्टेयरिंग और सीट के बीच में फंस गया। पुलिस ने मशक्कत कर लहूलुहान हालत में उसे बाहर निकाला। पिछली सीट पर बेहोशी की हालत में पड़े नितेश को भी तुरंत बाहर निकाला गया।
प्रथमदृष्टया पुलिस जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो नितेश के चाचा की थी। नितेश ने अपनी पत्नी को छोड़ रखा है। पिछले कुछ समय पहले ही नितेश की रेवती से दोस्ती हुई थी। सिरसी रोड पर रहने के दौरान स्कॉर्पियो लेकर तीनों रात में घूमने निकले थे। पुलिस को स्कॉर्पियो के अंदर से शराब की बोतल भी मिली है। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवारों ने ड्रिंक भी कर रखी थी। हालांकि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी पुष्टि की जाएगी।
पेपर लीक मामले में वांछित इनामी रेवंती एसओजी ने रखा था दस हजार का इनाम
एसआई पेपर लीक प्रकरण में एसओजी की सूची में फरार चल रहे 18 लोगो पर 10-10 हजार का इनाम घोषित किया हुआ है। इस सूची में शामिल श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव बेनिसर निवासी 25 वर्षीय युवती रेवंती पुत्री रामकिशन जाट भी शामिल थी। विदित रहे कि पूर्व में मृतका पर क्षेत्र के एक राजनेता को हनीट्रैप में फंसाने का मामला भी दर्ज हुआ था व बाद में मामला निपटने पर मृतका का एसआई भर्ती में चयन भी सामने आया था। लेकिन भर्ती निरस्त हो गई व पेपर लीक मामले में एसओजी ने मृतका रेवंती को भी आरोपी माना था। इस मामले में रेवंती फरार चल रही थी व एसओजी ने 10 हजार का इनाम भी रखा था।



