श्रीडूंगरगढ़ टुडे 9 जून 2026
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का स्थापना दिवस श्री डूंगरगढ़ महाविद्यालय परिसर में उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी और पौधारोपण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
संगोष्ठी में परिषद के इतिहास और विचारधारा पर चर्चा
कार्यक्रम की शुरुआत परिषद के इतिहास और उद्देश्यों पर चर्चा के साथ हुई। इस दौरान भाग संयोजक किशन शर्मा ने एबीवीपी की स्थापना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार विद्यार्थी परिषद छात्र हित और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
नगर मंत्री राघव लखोटिया ने स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वामी जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है। लखोटिया ने परिषद की आगामी कार्ययोजनाओं के बारे में भी जानकारी साझा की और छात्रों को संगठन से जुड़कर राष्ट्र सेवा में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।
पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
संगोष्ठी के पश्चात, महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया गया। छात्र नेताओं और विद्यार्थियों ने मिलकर परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम न केवल स्थापना दिवस को समर्पित था, बल्कि पर्यावरण सुरक्षा के प्रति भी एक महत्वपूर्ण संदेश था।
ये रहे उपस्थित
इस गरिमामयी कार्यक्रम में एबीवीपी के पदाधिकारियों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान नगर मंत्री राघव लखोटिया, सह नगर मंत्री बलराम बेनीवाल, भाग संयोजक किशन शर्मा और सोशल मीडिया संयोजक राहुल शर्मा मौजूद रहे। इनके साथ ही नरेंद्र कुकणा, हेमंत सिंह राठौड़ और केशव पुरी सहित महाविद्यालय के अनेक विद्यार्थी उपस्थित थे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक साथ मिलकर राष्ट्र सेवा और विद्यार्थी परिषद के उद्देश्यों को पूरा करने का संकल्प लिया।




ABVP स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर संगोष्ठी आयोजित
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार शाम को स्थानीय सर्व सामाजिक छात्रावास (एनएच-11) में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को राष्ट्र निर्माण, समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। छात्रावास अधीक्षक लेखराम की मौजूदगी में विद्यार्थियों ने राष्ट्र सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
उम्र के इस पड़ाव में सही निर्णय ही गढ़ेगा भविष्य
कार्यक्रम में मुख्य वक्ताओं ने छात्रों को प्रेरित करते हुए जीवन में सही दिशा और उचित संगति के महत्व को रेखांकित किया।
लक्ष्य और उद्देश्य की समझ : जिला संयोजक करण जाड़ीवाल ने एबीवीपी की स्थापना के मूल उद्देश्यों और छात्र जागृति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कैसे छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति के रूप में देश को नई दिशा दे सकती है।
निर्णय क्षमता और संगति: नगर मंत्री राघव लखोटिया ने युवाओं को सचेत करते हुए कहा, “उम्र का यही वह पड़ाव है जहाँ आपका एक सटीक निर्णय और उचित संगति आपके जीवन को बना सकती है, और एक गलत फैसला उसे बिगाड़ सकता है।”

संकल्प में न हो कोई विकल्प: कार्यकर्ता बलराम ने स्वामी विवेकानंद जी के आध्यात्मिक साहस का उदाहरण देते हुए कहा कि जीवन में अनुभव बेहद जरूरी है और जब आप कोई संकल्प लें, तो उसमें ‘विकल्प’ के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
दिशा और दशा: नरेंद्र कूकना ने छात्रों को जीवन में एक स्पष्ट दिशा और सही दशा तय करने की सीख दी।
लक्ष्य प्राप्ति तक न रुकें: केशव पूरी ने स्वामी विवेकानंद जी के कालजयी संदेश ” उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” को आज के संदर्भ में यथार्थ रूप से समझाया।
इस अवसर पर जिला सयोजक करण जाड़ीवाल, नगर मंत्री राघव लखोटिया, नगर सह मंत्री बलराम बेनीवाल, नरेंद्र कूकना, केशव पूरी सहित छात्रावास के अनेक छात्र और एबीवीपी के प्रबुद्ध कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












