श्रीडूंगरगढ टुडे 29 अक्टूबर 2026
पंचायत चुनाव 2026 के अंतर्गत श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने सावंतसर गांव के वार्ड संख्या 9 में सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने भारत माता के वीर सपूत और शौर्य चक्र विजेता वीर शहीद निहालचंद विश्नोई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

वन्यजीवों की रक्षा के लिए दिया था सर्वोच्च बलिदान
उल्लेखनीय है कि वीर शहीद निहालचंद विश्नोई ने 30 अक्टूबर 1996 को चूरू जिले के सावंतसर गांव में मूक वन्यजीवों (हिरणों) की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। उनके इस अदम्य साहस, जीव-दया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अद्वितीय समर्पण को देखते हुए भारत सरकार द्वारा 22 अक्टूबर 1999 को उन्हें मरणोपरांत देश के प्रतिष्ठित वीरता पदक ‘शौर्य चक्र’ से सम्मानित किया गया था। वे सैन्य सेवा से इतर शौर्य चक्र से नवाजे जाने वाले देश के विशिष्ट नागरिकों में शुमार हैं।

शहीद के बलिदान को किया नमन, भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में की अपील
विधायक ताराचंद सारस्वत ने शहीद निहालचंद विश्नोई के पावन बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन हम सभी के लिए जीव-दया और पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणास्त्रोत है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात विधायक सारस्वत ने आगामी पंचायत चुनाव के सिलसिले में वार्ड संख्या 9 का दौरा किया। उन्होंने पंचायत समिति सदस्य पद की भाजपा प्रत्याशी सुधरा (पत्नी ओम प्रकाश) के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए ग्रामीणों से जनसमर्थन मांगा।
इस अवसर पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




