श्रीडूंगरगढ टुडे 19 सितंबर 2026
श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के इंदपालसर गांव में एक दिव्यांग युवक ने अपने माता-पिता और भाइयों के खिलाफ मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। गांव इंदपालसर निवासी रामनिवास ने अपनी माता विमला देवी, पिता रामप्रताप और भाइयों सीताराम व देदाराम के खिलाफ शिकायत दी है।
परिवादी ने पुलिस को बताया कि 16 सितंबर को वह अपने घर में खाना खा रहा था। इसी दौरान उसके परिजन वहां आए और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए उसे पुलिस के पास जाने की हिम्मत करने को लेकर धमकाने लगे। आरोप है कि परिजनों ने उसकी खाने की थाली छीनकर फेंक दी। इसके बाद उसे घर में लगे कीकर के पेड़ से धूप में बांध दिया और लकड़ियों से मारपीट की।
रामनिवास की रिपोर्ट पर श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच एएसआई भगवानाराम को सौंपी गई है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर रही है।











