श्रीडूंगरगढ टुडे 2 नवंबर 2026
सेसोमूं स्कूल, श्रीडूंगरगढ़ के लिए गर्व का विषय है कि विद्यालय को एनसीसी का आवंटन हुआ है। इसके साथ ही सेसोमूं स्कूल श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र का पहला विद्यालय बन गया है, जिसे एनसीसी की सरकारी सीटें आवंटित हुई हैं। चेयरमैन जगदीश प्रसाद मूंधड़ा एवं वाइस चेयरपर्सन श्रीमती पद्मा मूंधड़ा के मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी प्रयासों से विद्यालय को मिली यह उपलब्धि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इसी क्रम में 7 राज बटालियन एनसीसी बीकानेर के कमान अधिकारी मनदीप सिंह निजर के नेतृत्व में हवलदार श्री लालचंद एवं हवलदार राकेश परमार ने विद्यालय में विद्यार्थियों के चयन की प्रक्रिया संपन्न करवाई, जिसमें 208 विद्यार्थियों में से 25 विद्यार्थियों का चयन किया गया।
इस अवसर पर हवलदार लालचंद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एनसीसी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सेवा भावना एवं राष्ट्रभक्ति जैसे गुणों का विकास करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को एनसीसी से जुड़कर देश सेवा के लिए स्वयं को तैयार करने हेतु प्रेरित किया।
विद्यालय के प्राचार्य सुब्रत कुंडू ने एनसीसी के आवंटन को विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को अपने व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व क्षमता को निखारने का विशेष अवसर मिलेगा।
















