श्रीडूंगरगढ़ टुडे 6 अगस्त 2026
श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लखासर गांव की विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में विधायक ताराचंद सारस्वत के सतत प्रयासों को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। 33/11 केवी लखासर जीएसएस पर अतिरिक्त 3.15 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने इसके लिए प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है। इसके बाद जीएसएस की क्षमता मौजूदा 1×3.15 एमवीए से बढ़कर 2×3.15 एमवीए हो जाएगी
विधायक ताराचंद सारस्वत ने बताया कि लखासर क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे विद्युत भार, कृषि कनेक्शनों की संख्या तथा ग्रामीण उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं को देखते हुए जीएसएस की क्षमता बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस संबंध में उन्होंने ऊर्जा विभाग एवं जोधपुर डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष लगातार प्रभावी पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण स्वीकृति प्राप्त हुई।
उन्होंने कहा कि लखासर जीएसएस पर अतिरिक्त 3.15 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित होने से गांव एवं कृषि ट्यूबवेल क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे विद्युत भार का बेहतर प्रबंधन होगा, ओवरलोडिंग की समस्या में कमी आएगी, वोल्टेज में सुधार होगा तथा किसानों को सिंचाई के समय अधिक सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही घरेलू एवं व्यावसायिक उपभोक्ताओं को भी बेहतर बिजली सेवा का लाभ मिलेगा।
विधायक सारस्वत ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद विभाग शीघ्र ही आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूर्ण कर कार्य प्रारंभ करेगा, जिससे क्षेत्रवासियों को जल्द इसका लाभ मिल सकेगा।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर विधायक ताराचंद सारस्वत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर तथा जोधपुर डिस्कॉम के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को निरंतर गति दे रही है। उन्होंने कहा कि लखासर जीएसएस का यह क्षमता विस्तार क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा तथा भविष्य की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस स्वीकृति से ग्रामीणों में खुशी की लहर है तथा क्षेत्रवासियों ने विधायक ताराचंद सारस्वत का आभार व्यक्त किया।



