श्रीडूंगरगढ़ टुडे 17 अक्टूबर 2026
महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता (बीकानेर जॉन) का शुभारंभ शनिवार को स्थानीय श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय के खेल मैदान में हुआ।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सीओ निकेत पारीक ने बॉल पर शॉट लगाकर किया। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में नोखा, श्रीडूंगरगढ़ और लूणकरणसर की टीमों ने जीत दर्ज की।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के पूर्व अध्यक्ष श्याम महर्षि, रामचंद्र राठी, महावीर माली, सत्यनारायण योगी और विजय महर्षि मौजूद रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि क्रिकेट अनुशासन व एकाग्रता का खेल है और विद्यार्थियों को इसे खेल की भावना से खेलना चाहिए। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद सुथार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त ऑब्जर्वर दिलकान्त माचरा और ज्ञानप्रकाश ने बताया कि उद्घाटन मैच नोखा के राजकीय मांगीलाल बागड़ी महाविद्यालय और राजकीय महाविद्यालय खाजूवाला के बीच खेला गया, जिसमें नोखा कॉलेज विजेता रही। दूसरा मुकाबला राजकीय महाविद्यालय गंगाशहर और श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय के बीच हुआ, जिसमें मेजबान श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय ने जीत दर्ज की। तीसरा मुकाबला चौधरी भीमसेन राजकीय महाविद्यालय लूणकरणसर और द्वारिका बीपीएड कॉलेज नाल के बीच खेला गया, जिसमें लूणकरणसर महाविद्यालय की टीम विजयी रही।
खेल प्रभारी मुकेश जांगिड़ ने जानकारी दी कि रविवार को राजकीय डूंगर महाविद्यालय का मैच होगा, इसके बाद शाम को पहला सेमीफाइनल और सोमवार को दूसरा सेमीफाइनल तथा फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। सोमवार दोपहर बाद प्रतियोगिता का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।




