श्रीडूंगरगढ टुडे 10 नवंबर 2026
ग्राम पंचायत मोमसार में नवनिर्वाचित सरपंच मनफूल गोदारा और 29 वार्ड पंचों का विनोद भवन के सामने मुख्य बाजार में 36 कौम के ग्रामवासियो द्वारा शॉल एवं साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।
गांव की एकता और विकास का प्रतीक
समारोह के दौरान बाबूलाल गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान समारोह गांव की एकता, भाईचारे और विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने सभी नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे आपसी सहयोग से गांव के चहुंमुखी विकास के लिए कार्य करें।
जनता का आभार और विकास का संकल्प
ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए नवनिर्वाचित सरपंच मनफूल गोदारा ने कहा कि सिर पर पहनाई गई यह पगड़ी पूरे मोमासर के विश्वास और सम्मान की प्रतीक है। उन्होंने अपने स्वर्गीय पिता रामूराम गोदारा के आदर्शों पर चलते हुए गांव के विकास के सपने को साकार करने का संकल्प लिया।
सरपंच गोदारा ने अपनी प्राथमिक घोषणाओं में बताया
- मृत पशुओं के निस्तारण हेतु: मृत पशुओं को उठाने के लिए एक नई पिकअप गाड़ी खरीद ली गई है।
- पेयजल व्यवस्था: आचार संहिता हटते ही गांव में तीन नए स्थानों पर ट्यूबवेल चालू करवाए जाएंगे।
- जनता के लिए द्वार खुले: ग्राम पंचायत के द्वार गांव के हर नागरिक के लिए 24 घंटे खुले हैं।
मिलकर काम करने का संदेश
पूर्व उपसरपंच जुगराज संचेती ने कहा कि ग्रामवासियों ने पिछले सात वर्षों के विकास कार्यों को देखते हुए दोबारा जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से मिलकर गांव के विकास में योगदान देने की अपील की।
समारोह के अंत में सरपंच मनफूल गोदारा ने चुनाव में विपक्ष में रहे सभी प्रत्याशियों को अपना भाई बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव अब समाप्त हो चुके हैं, और अब राजनीतिक दूरियों को मिटाकर हम सबको मिलकर केवल और केवल मोमासर के विकास के लिए काम करना है।








